महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नागरिकों के साथ किसानों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
बीड, परभणी, अहिल्यानगर और नांदेड में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं धाराशिव, लातूर, हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर, पुणे, सोलापुर, नाशिक और जलगांव में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। देशभर की बात करें तो दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
इस बीच, नंदुरबार में हुई बारिश से खरीफ फसलों को कुछ राहत मिली है। हालांकि, जिले के पूर्वी हिस्से के कई बांधों में अभी भी पर्याप्त जलसाठा नहीं हो पाया है। नदी-नालों में भी अपेक्षित पानी का बहाव नहीं आया है। ऐसे में सिंचाई के लिए किसान अब भी अच्छी और जोरदार बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश से फसलों को राहत मिलने की उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन जलस्रोतों और बांधों को भरने के लिए अभी और अच्छी बारिश की जरूरत है। किसानों की नजरें अब आसमान पर टिकी हैं।


