मुंबई : मुंबई के भुलेश्वर में गणेश आगमन मिरवणूक के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने गणेश भक्तों को झकझोर कर रख दिया। 27 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गई। इस हादसे में मंडल के अध्यक्ष संकेत नेवशे और ब्रिजेश जोशी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि गणेश प्रतिमा के आगमन के दौरान वेल्डिंग टूटने से मूर्ति अचानक सामने की ओर झुक गई और देखते ही देखते नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भुलेश्वरचा राजा गणेशोत्सव मंडल पर इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दुख की घड़ी में ‘लालबागचा राजा’ साथ
इस मुश्किल समय में लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने भुलेश्वरचा राजा गणेशोत्सव मंडल की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। मंडल की ओर से कुल 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसमें भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल को 11 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
यह मदद सुधीर सालवी की ओर से घोषित की गई है। हादसे से टूटे परिवारों के लिए यह आर्थिक सहायता भले ही नुकसान की भरपाई न कर सके, लेकिन संकट की इस घड़ी में साथ खड़े होने की मानवीय मिसाल जरूर पेश करती है।


