नागपुर : जिंदगी का हर पड़ाव अपने साथ नए अनुभव लेकर आता है और इन्हीं अनुभवों को सम्मान देने के उद्देश्य से नागपुर में एक अनूठी पहल की जा रही है। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ओसरी प्रोडक्शन्स द्वारा 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष फैशन शो का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 अगस्त के विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस से एक दिन पहले, 20 अगस्त 2026 को आयोजित होगा।
पत्रकार परिषद में प्रसिद्ध शेफ विष्णु मनोहर ने बताया कि इस आयोजन का मकसद वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान लाना, उन्हें नई ऊर्जा देना और यह एहसास कराना है कि उम्र कभी भी सपनों और आत्मविश्वास के आड़े नहीं आती। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की असली पहचान वहां के लोगों की खुशहाली, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव से होती है। यह फैशन शो केवल रैंप वॉक नहीं होगा, बल्कि उन लोगों के जीवन सफर, संघर्ष, अनुभव और आत्मविश्वास का उत्सव बनेगा, जिन्होंने अपने जीवन से समाज को बहुत कुछ दिया है। इस मंच के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि उम्र बढ़ सकती है, लेकिन जीने का जज्बा कभी कम नहीं होना चाहिए।
आयोजन में भाग लेने के लिए 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पहले पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद प्रारंभिक चयन प्रक्रिया होगी, जबकि प्रतिभागियों के लिए अभ्यास सत्र 5 अगस्त से शुरू होंगे। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए 9373100891 पर संपर्क कर सकते हैं।


