सावनेर : नागपुर जिले के सावनेर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में सगे दो भाइयों की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना सुबह करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है, जब दोनों भाई ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान निरंजन लक्ष्मण फिरके (40 वर्ष) और योगेश लक्ष्मण फिरके (37 वर्ष), दोनों निवासी सावनेर, के रूप में हुई है। दोनों की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड को अंकित हांडे ने दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल सावनेर पुलिस थाना की निरीक्षक ऋतुजा जाधव को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटनास्थल पर हितज्योति आधार फाउंडेशन के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर दोनों भाइयों को उठाकर सावनेर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। सावनेर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
राहत कार्य में सहयोग करने वाले
हितज्योति आधार फाउंडेशन के सदस्य अंकित हांडे, नरेंद्र समदूरकर, आकाश यादव, अण्णा सिंदेवार, आर्यन कातकडे तथा स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


