मुंबई : रणबीर कपूर स्टार बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद इसकी चर्चा और भी तेज हो गई है। लेकिन अब इस मेगा बजट फिल्म के सामने हॉलीवुड की एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। दरअसल, 6 नवंबर को ‘रामायण’ के साथ ही ‘गॉडजिला’ फ्रेंचाइजी की नई फिल्म ‘गॉडजिला मायनस जीरो’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ऐसे में इस दिवाली बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ को करीब 4,000 करोड़ रुपये के बड़े बजट में तैयार किया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज होगी। हालांकि, उसी दिन रिलीज हो रही ‘गॉडजिला मायनस जीरो’ विदेशी बाजार में ‘रामायण’ के लिए चुनौती बन सकती है। गॉडजिला फ्रेंचाइजी की दुनियाभर में जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों ने अब तक 3.3 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। वहीं, इससे पहले रिलीज हुई ‘गॉडजिला मायनस वन’ ने भी करीब 110 मिलियन डॉलर का कारोबार किया था।
ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों फिल्मों के बीच स्क्रीन शेयरिंग को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। हालांकि, भारतीय दर्शकों के बीच ‘रामायण’ को लेकर भी जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और फिल्म से बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं। बता दें कि ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहला पार्ट 6 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा लारा दत्ता, अरुण गोविल, आदिनाथ कोठारे, अजिंक्य देव, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह और रवि दुबे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


