मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस मामले में जेल की सजा काटने के बाद अब अभिनेता एक बड़े आर्थिक संकट में फंस गए हैं। बैंक से लिए गए करोड़ों रुपये के कर्ज की वजह से उनकी संपत्ति नीलामी की प्रक्रिया में पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव के नाम से लिया गया कर्ज अब बढ़कर करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपये तक पहुंच गया है। कर्ज की राशि समय पर जमा नहीं होने के कारण बैंक ने उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वडिलोपार्जित घर रखा था गिरवी
बताया जा रहा है कि राजपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित अपने पैतृक घर को बैंक के पास गिरवी रखकर करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने के कारण यह राशि बढ़कर करीब 11 करोड़ रुपये हो गई। इसके बाद बैंक ने 8 अगस्त 2024 को इस संपत्ति को जब्त कर लिया था। उस समय राजपाल यादव ने बैंक से संपर्क कर कर्ज चुकाने की बात कही थी, लेकिन भुगतान नहीं हो सका।
कई संपत्तियों की नीलामी की तैयारी
कर्ज की वसूली के लिए मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण ने नीलामी की अनुमति दे दी है। अब अभिनेता के घर के साथ-साथ कुछ अन्य संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसमें मुंबई का फ्लैट और गांव की जमीन भी शामिल बताई जा रही है। नीलामी की प्रक्रिया 9 सितंबर को होने की जानकारी सामने आई है।
फिल्म के नुकसान से शुरू हुआ था आर्थिक संकट
राजपाल यादव इससे पहले भी आर्थिक विवादों में रह चुके हैं। साल 2010 में उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई, जिसके बाद उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कर्ज वापस नहीं कर पाने के चलते चेक बाउंस का मामला कोर्ट तक पहुंचा था। इस मामले में उन्हें तिहाड़ जेल में भी जाना पड़ा था, जहां उन्होंने 12 दिन बिताए थे।फिल्मों में अपनी कॉमेडी से लोगों को हंसाने वाले राजपाल यादव की निजी जिंदगी में आई यह आर्थिक परेशानी अब चर्चा का विषय बन गई है।


