मुंबई : मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच घाटकोपर पश्चिम के चिरागनगर इलाके से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गौसिया चॉल में बुधवार तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच अचानक चट्टान खिसककर 3 से 4 घरों पर जा गिरी। हादसे के वक्त परिवार गहरी नींद में थे। अचानक हुए इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
चट्टान गिरने से कई घर मलबे में तब्दील हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, घाटकोपर पुलिस और बीएमसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रात से ही राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अब तक मलबे से छह लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। हालांकि, मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की चिंता बनी हुई है। बचाव दल मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटा है। इस हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक परिवार चैन की नींद सो रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। अचानक आई इस आफत ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है और इलाके में डर का माहौल है।
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के प्रयास भी शुरू किए गए हैं। जिलाधिकारी ने पुनर्वास के निर्देश दिए हैं, जबकि मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने से पहले ही बीएमसी की ओर से इस इलाके के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सूचना दी गई थी। महापौर के अनुसार, नोटिस दिए जाने के बावजूद कुछ लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन के सामने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।


