मुंबई : मुंबई में अपने घर का सपना देखने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। MHADA (म्हाडा) की बहुप्रतीक्षित 2,640 फ्लैटों की लॉटरी का इंतजार अब खत्म होने वाला है। अधिकारियों के मुताबिक, इसी सप्ताह लॉटरी की तारीख का ऐलान किया जा सकता है। लंबे समय से इस लॉटरी का इंतजार कर रहे आवेदकों की निगाहें अब MHADA की घोषणा पर टिकी हैं।
इस लॉटरी के तहत मुंबई के गोरेगांव, ताडदेव, मानखुर्द, विक्रोली, बोरीवली, चेंबूर, बांद्रा, घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, पवई, माझगांव, दादर और एंटॉप हिल जैसे प्रमुख इलाकों में घर उपलब्ध कराए जाएंगे। यही वजह है कि इस योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार लॉटरी के लिए 75,366 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी औसतन एक फ्लैट के लिए 28 से 29 लोगों के बीच मुकाबला है। ऐसे में कुछ लोगों का अपने घर का सपना साकार होगा, जबकि कई आवेदकों को अगली लॉटरी का इंतजार करना पड़ सकता है। आर्थिक वर्ग के अनुसार इस लॉटरी में अत्यल्प आय वर्ग (EWS) के लिए 145, अल्प आय वर्ग (LIG) के लिए 185, मध्यम आय वर्ग (MIG) के लिए 798 और उच्च आय वर्ग (HIG) के लिए 839 फ्लैट शामिल किए गए हैं।
सबसे ज्यादा मांग गोरेगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैटों की है। यहां 13 फ्लैटों के लिए 17,755 आवेदन आए हैं। इन फ्लैटों की कीमत 32.36 लाख रुपये से शुरू होती है, जिसके चलते एक फ्लैट के लिए 1,365 आवेदकों के बीच प्रतिस्पर्धा है। वहीं, ताडदेव के क्रिसेंट टॉवर में इस लॉटरी का सबसे महंगा फ्लैट शामिल है, जिसकी कीमत 6.82 करोड़ रुपये है। यहां सिर्फ 2 फ्लैटों के लिए 21 आवेदन मिले हैं। दूसरी ओर, मानखुर्द में सबसे सस्ते फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 29.37 लाख रुपये है। यहां 4 फ्लैटों के लिए 48 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब सभी आवेदकों को सिर्फ MHADA की ओर से लॉटरी की तारीख घोषित होने का इंतजार है। तारीख सामने आते ही हजारों परिवारों के वर्षों पुराने ‘अपने घर’ के सपने की दिशा तय हो जाएगी।


