महावितरण का ‘सेवा सेतू’ बना ग्राहकों की सुविधा का सहारा, एक छत के नीचे मिलेंगी बिजली-सौर सेवाएं

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, हर तालुका में विशेष सेवा कक्ष; अधिकारियों ने लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देश

नागपुर : बिजली से जुड़ा कोई काम हो और उसके लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, तो आम उपभोक्ता के लिए इससे बड़ी राहत क्या होगी। इसी उद्देश्य से महावितरण की ओर से राज्यभर में शुरू किए गए ‘सेवा सेतू’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ को नागपुर परिमंडल में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अभियान के तहत हर तालुका में विशेष सेवा कक्ष शुरू किए गए हैं, जहां बिजली और सौर ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

महावितरण के संचालक (मानव संसाधन) राजेंद्र पवार ने बुधवार, 23 सितंबर को नागपुर में आयोजित बैठक में अभियान की प्रगति और अमल की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की गति और दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान में उत्कृष्ट काम करने वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दो-दो सर्वश्रेष्ठ मंडलों का विशेष सम्मान करने की घोषणा भी की।

सौर योजनाओं की जानकारी से लेकर आवेदन तक सुविधा

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बनाए गए सेवा कक्षों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, स्मार्ट योजना, ‘मागेल त्याला सौर कृषि पंप’ योजना और मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 की जानकारी दी जा रही है। ग्राहक यहीं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और उन्हें योजना के आर्थिक लाभ, सौर प्रणाली लगाने की प्रक्रिया तथा जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी जा रही है।

सौर योजनाओं के लिए कर्ज की सुविधा आसान बनाने के उद्देश्य से स्थानीय बैंक प्रतिनिधियों और चयनित सौर ठेकेदारों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय की व्यवस्था भी की गई है। हर तालुका के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, ताकि आवेदन में आने वाली तकनीकी खामियों को जल्द दूर किया जा सके और लंबित आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई हो।

बिजली की रोजमर्रा की समस्याओं का भी समाधान

दूसरी ओर, ‘सेवा सेतू अभियान’ के माध्यम से ग्राहकों की रोजमर्रा की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जा रहा है। नए घरेलू बिजली कनेक्शन, खराब ट्रांसफॉर्मर बदलना, बिजली बिल पर नाम में बदलाव, स्वीकृत भार में बदलाव और बिल संबंधी शिकायतों का निपटारा तेजी से किया जा रहा है।

बिजली सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार स्पेसर लगाने, तकनीकी सुधार करने और बिजली व्यवस्था की देखभाल व मरम्मत के कामों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। महावितरण की इस पहल का सीधा उद्देश्य यही है कि बिजली ग्राहक को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार अलग-अलग जगहों पर न जाना पड़े और जरूरी सेवाएं एक ही जगह पर मिल सकें। बैठक में राजेंद्र पवार ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सेवा कक्ष में आने वाले हर ग्राहक को सरल, सतत और संतोषजनक सेवा मिले।

बैठक में नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता राजेश नाईक, नागपुर ग्रामीण के अधीक्षक अभियंता संजय वाकडे, नागपुर शहर के अधीक्षक अभियंता प्रफुल्ल लांडे, वर्धा की अधीक्षक अभियंता स्मिता पारखी, अधीक्षक अभियंता (इन्फ्रा) दीपाली माडेलवार सहित नागपुर और वर्धा मंडल के कार्यकारी अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

वेकोलि में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ

नागपूर,प्रणय डाबरे (प्रतिनिधि) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ.…

विदर्भ को दुष्कालमुक्त बनाने पर जोर, जलसंरक्षण और फसल नियोजन को बताया जरूरी; नितिन गडकरी का आह्वान

नागपुर : विदर्भ में सूखे की समस्या केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर किसानों की आर्थिक स्थिति और ग्रामीण जीवन पर भी पड़ता है। ऐसे में किसानों…