महाराष्ट्र में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम, तो कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे घाट क्षेत्र और सातारा घाट क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मुंबई, ठाणे, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर घाट क्षेत्र, चंद्रपुर, जळगांव, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, अमरावती, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
विदर्भ को मिलेगी गर्मी से राहत
पिछले तीन दिनों से बारिश थमने के कारण नागपुर सहित विदर्भ में उमस और गर्मी काफी बढ़ गई है। नागपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 और 29 जुलाई को विदर्भ में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।


