नागपुर : नागपुर के बुटीबोरी इलाके में महज 20 रुपये के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। चप्पल सिलने के पैसे देने को लेकर हुए विवाद में 76 वर्षीय बुजुर्ग पर लोहे के औजार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में बुटीबोरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को दिलीप पवार (35) चप्पल सिलवाने के लिए एक मोची की दुकान पर गया था। चप्पल की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद मोची ने तय किए गए 20 रुपये मांगे। हालांकि, दिलीप ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान दुकान पर मौजूद जयसिंग राजाराम म्हैसवार (76) ने बीच-बचाव करते हुए दिलीप से मोची के पैसे देने को कहा। इसी बात को लेकर दिलीप और जयसिंग के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दिलीप ने दुकान में चप्पल सिलने के काम में इस्तेमाल होने वाला लोहे का त्रिकोणीय औजार उठाया और जयसिंग के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में जयसिंग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए नागपुर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महज 20 रुपये से शुरू हुआ एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना के बाद बुटीबोरी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप पवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।


