नागपुर : विधान परिषद के नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवारी घोषित होते ही पूर्व विधायक सुधाकर कोहले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उम्मीदवारी का अवसर देने के लिए दोनों नेताओं का आभार जताते हुए कोहले ने उनका आशीर्वाद लिया।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद कोहले सबसे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके शासकीय निवास पर मिले। इसके बाद उन्होंने महाल स्थित केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान गडकरी को अपना आदर्श नेता और मार्गदर्शक बताते हुए कोहले ने सोशल मीडिया पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। कोहले ने कहा कि दोनों नेताओं ने उन पर विश्वास जताते हुए विधान परिषद की उम्मीदवारी की जिम्मेदारी दी है। अब स्नातक मतदाताओं की अपेक्षाओं, समस्याओं और अधिकारों के लिए ईमानदारी से काम करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि मिली हुई इस संधी को सेवा में और जनता के विश्वास को काम में बदलने का प्रयास करेंगे।
गडकरी से मुलाकात के दौरान विधायक डॉ. राजीव पोतदार मौजूद रहे। वहीं फडणवीस से मुलाकात के समय विधायक समीर मेघे, डॉ. राजीव पोतदार, परिणय फुके, पूर्व विधायक विकास कुंभारे, महापौर नीता ठाकरे, पूर्व विधायक सागर मेघे और मनपा में सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर उपस्थित थे।


