नागपुर : शहर में शास्त्रीय संगीत के रसिकों के लिए रविवार की सुबह खास होने वाली है। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर की ओर से एक बार फिर लोकप्रिय प्रातःकालीन संगीत सभा ‘ब्रह्मनाद’ का आयोजन किया जा रहा है। यह संगीत सभा 11 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 6.30 बजे दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र परिसर में होगी।
नागपुर के कलाप्रेमियों के आग्रह पर ‘ब्रह्मनाद’ का दोबारा आयोजन किया जा रहा है। सुबह के शांत और खुशनुमा माहौल में शास्त्रीय संगीत के सुरों का आनंद लेने का अवसर शहर के संगीत प्रेमियों को मिलेगा। इस बार कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका विदुषी नंदिनी नरेंद्र बेडेकर की प्रस्तुति होगी। नंदिनी बेडेकर हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रतिष्ठित कलाकार हैं और गानसरस्वती किशोरी आमोणकर की वरिष्ठतम शिष्या हैं। उन्होंने करीब 35 वर्षों तक अपने गुरु के सान्निध्य में रहकर जयपुर-अत्रौली घराने की परंपरा और गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत संगीत का अध्ययन किया है।
नंदिनी बेडेकर ने अपने गुरु की संगीत दृष्टि, सौंदर्यबोध और आध्यात्मिक चिंतन को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संगीत समारोहों में प्रस्तुति देकर उन्होंने श्रोताओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। वे संगीत साधना के साथ-साथ गुरु के रूप में भी अनेक शिष्यों को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण दे रही हैं। ‘ब्रह्मनाद’ श्रृंखला का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को सुबह के प्राकृतिक और शांत वातावरण में उत्कृष्ट शास्त्रीय संगीत का आनंद देना है। खास बात यह है कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। यह संगीत सभा हर महीने के दूसरे रविवार को केंद्र परिसर में आयोजित की जाएगी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर की निदेशक आस्था कार्लेकर ने शहर के संगीत प्रेमियों, विद्यार्थियों और रसिक श्रोताओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस विशेष प्रातःकालीन संगीत सभा का आनंद लेने का आग्रह किया है।


