पुणे : मगरपट्टा सिटी के अदिती गार्डन एम्फीथिएटर में शनिवार, 22 अगस्त को इस्कॉन मगरपट्टा की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शाम 4 बजे शुरू हुए इस आयोजन में मगरपट्टा परिसर के 2500 से अधिक श्रद्धालुओं ने परिवार सहित हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्री राधा-कृष्ण के मनमोहक दर्शन और महाभिषेक से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार, ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं की जानकारी श्रद्धालुओं को दी गई। उत्सव में स्थानीय कलाकारों और रहिवासियों ने श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित नृत्य व नाट्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के लिए खेल और विभिन्न गतिविधियों का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।
विभिन्न सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भाग लेने वाले बच्चों और विजेताओं को हडपसर प्रभाग समिति के अध्यक्ष प्रशांत (मामा) तुपे, सामाजिक कार्यकर्ता नितीन सुखदेव शिंदे, नगरसेविका पायल विराज तुपे और नगरसेविका हिमालीताई नवनाथ कांबले के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर इस्कॉन की प्रतिनिधि शेफाली जी, स्वप्नील दिसावल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक छप्पन भोग महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संगम बने इस आयोजन ने मगरपट्टा सिटी के रहिवासियों के लिए जन्माष्टमी की शाम को यादगार बना दिया।


