गोंदिया : गोंदिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाले खानपान की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर रेलवे ने सख्त रुख अपनाया है। स्टेशन स्थित रिफ्रेशमेंट रूम, फास्ट फूड स्टॉल और फूड प्लाजा समेत खानपान इकाई में निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल और साफ-सफाई से जुड़ी कुछ कमियां सामने आई थीं। यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित इकाई को 21 अगस्त को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।
भारतीय रेलवे की ओर से 21 अगस्त से खानपान इकाइयों के लिए 15 दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेस्ट कंट्रोल, सैनिटेशन और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत गोंदिया स्टेशन की खानपान इकाई का निरीक्षण किया गया। कमियां सामने आने के बाद नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
कमियां दूर होते ही फिर शुरू हुआ संचालन
रेलवे की कार्रवाई के बाद खानपान इकाई संचालकों ने निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर किया। पेस्ट कंट्रोल, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया। सुधारात्मक कार्य पूरा होने के बाद इकाई का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। खानपान इकाइयों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन अनिवार्य है और किसी भी कमी पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। रेल प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विशेष अभियान के दौरान खानपान इकाइयों की निगरानी और जांच लगातार जारी रहेगी।


