पेंच में अब सोलर बोट से लें जंगल और जलाशय का खूबसूरत नजारा

1 अक्टूबर से शुरू होगी सफारी, शांत और प्रदूषणमुक्त सफर के साथ वन्यजीव और पक्षियों को देखने का मिलेगा मौका

नागपुर : पेंच घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए इस बार का अनुभव थोड़ा अलग होने वाला है। अब पेंच जलाशय में प्रकृति को करीब से देखने के लिए सोलर बोट सफारी का आनंद लिया जा सकेगा। पेंच टाइगर रिजर्व में पेंच नदी के जलाशय पर यह सफारी 1 अक्टूबर से शुरू हो रही है। खास बात यह है कि सौर ऊर्जा से चलने वाली इन बोट्स के जरिए पर्यटक बिना ज्यादा शोर और प्रदूषण के जलाशय और उसके आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य को देख सकेंगे।

केरल से लाई गई 24 यात्रियों की क्षमता वाली दो सोलर बोट पर्यटकों के लिए तैयार हैं। सफारी के दौरान जलाशय में पक्षी, मगरमच्छ और आसपास आने वाले वन्यजीवों को सुरक्षित दूरी से देखने का मौका मिल सकता है। नदी किनारे पानी पीने आने वाले बाघ, गवे, चीतल, सांभर, भेकर और मोर भी पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा रहेंगे।

दो रूट पर होगी सोलर बोट सफारी

सफारी के लिए कोलितमारा से दो अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। पहला रूट कोलितमारा से नांदपुर-नगारागोटा तक है। इसकी दूरी करीब 8 से 10 किलोमीटर होगी और सफारी लगभग डेढ़ घंटे की रहेगी। नांदपुर कुटी में पर्यटकों के लिए विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस रूट के लिए सोमवार से शुक्रवार तक 400 रुपये, जबकि शनिवार और रविवार को 500 रुपये शुल्क रहेगा। यहां सुबह 6 से 8, 8.30 से 10.30, 11 से 1, दोपहर 1.30 से 3.30 और शाम 4 से 6 बजे तक पांच फेरे होंगे।

इतिहास और वन्यजीव, दोनों का अनुभव

इस सफारी में केवल जंगल और जलाशय का नजारा ही नहीं, बल्कि नांदपुर क्षेत्र के वाकाटक साम्राज्य के ऐतिहासिक वारसे और कुंदरा भीमसेन देवस्थान को देखने का अवसर भी मिलेगा। जलाशय क्षेत्र में पक्षी निरीक्षण के साथ मगरमच्छ दिखाई देने की संभावना भी रहेगी। दूसरा रूट कोलितमारा से कुंदरा भीमसेन और वापस होगा। यह करीब 25 से 28 किलोमीटर लंबा होगा और सफारी की अवधि तीन घंटे रहेगी। इस रूट के लिए सोमवार से शुक्रवार 800 रुपये और शनिवार-रविवार 1,100 रुपये शुल्क तय किया गया है। इस मार्ग पर सुबह 6 से 9, 10 से 1 और दोपहर 2 से 5 बजे तक तीन फेरे होंगे।

ऑनलाइन भी कर सकेंगे बुकिंग

सोलर बोट सफारी की बुकिंग पेंच टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकेगी। इसके अलावा कोलितमारा स्थित मारलोकमत टूरिज्म कॉम्प्लेक्स के बुकिंग काउंटर से ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पेंच की हरियाली, शांत जलाशय और आसपास दिखाई देने वाले वन्यजीवों के बीच सोलर बोट का यह सफर पर्यटकों के लिए प्रकृति को एक अलग अंदाज में महसूस करने का मौका देगा।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

वेकोलि में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ

नागपूर,प्रणय डाबरे (प्रतिनिधि) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ.…

विदर्भ को दुष्कालमुक्त बनाने पर जोर, जलसंरक्षण और फसल नियोजन को बताया जरूरी; नितिन गडकरी का आह्वान

नागपुर : विदर्भ में सूखे की समस्या केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर किसानों की आर्थिक स्थिति और ग्रामीण जीवन पर भी पड़ता है। ऐसे में किसानों…