तमिलनाडु : महंगाई के बीच रसोई का बजट संभाल रही महिलाओं के लिए तमिलनाडु सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री थलपति विजय ने सोमवार को विधानसभा में महिलाओं और आम परिवारों से जुड़ी कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इनमें पात्र परिवारों को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने और महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का दायरा बढ़ाने का फैसला प्रमुख है।
साल में तीन LPG सिलेंडर की राशि खाते में
सरकार के अनुसार, ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ पहल के तहत ऐसे परिवार, जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम है, उन्हें हर साल तीन LPG सिलेंडर की लागत सरकार की ओर से दी जाएगी। यह योजना अगले साल जनवरी में पोंगल के अवसर पर शुरू किए जाने की बात कही गई है। इस योजना के तहत सिलेंडर का खर्च सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा किया जाएगा। करीब 1.30 करोड़ परिवारों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार पर इस योजना के लिए हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
बढ़ती गैस कीमतों के बीच राहत
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों और LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। ऐसे समय में सरकार ने जनता को राहत देने और किए गए वादे को पूरा करने के उद्देश्य से LPG सिलेंडर का खर्च उठाने का फैसला किया है। इस फैसले से खासतौर पर उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके घरेलू बजट में हर महीने गैस सिलेंडर का खर्च एक बड़ी चिंता बना हुआ है।
अब डीलक्स बसों में भी महिलाओं का मुफ्त सफर
सरकार ने महिलाओं के लिए चल रही ‘वेत्री पयनम’ (विजय यात्रा) योजना का दायरा भी बढ़ाने की घोषणा की है। अब महिलाएं केवल सामान्य सरकारी बसों में ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेस, LSS, डीलक्स और अंतर-जिला सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस विस्तारित योजना में तृतीयपंथी व्यक्तियों को भी शामिल किया गया है। सरकार के इस फैसले से रोजाना बस से सफर करने वाली महिलाओं को आने-जाने के खर्च में सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।
आम परिवारों के लिए दोहरी राहत
एक तरफ LPG सिलेंडर के खर्च में राहत और दूसरी तरफ सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का विस्तार—सरकार के इन फैसलों का सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ सकता है। खासकर कामकाजी महिलाओं, घरेलू जिम्मेदारियां संभालने वाली महिलाओं और नियमित बस यात्रियों के लिए यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


