पणजी : मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग का काम लंबे समय से चल रहा है और इसके पूरा होने में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा कि यह काम अब तक पूरा हो जाना चाहिए था और देरी की वजह से उन्हें निराशा हो रही है।
गोवा के पर्वरी में छह लेन वाले फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे की स्थिति पर बात की। उन्होंने कहा कि करीब 90 प्रतिशत काम पूरा होने की बात कही जा रही है, लेकिन कई पुलों और बाईपास का काम अभी भी बाकी है। ऐसे में गणेशोत्सव के दौरान कोकण जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गडकरी ने कहा कि हाईवे का काम कई ठेकेदारों और जमीन अधिग्रहण में हुई देरी के कारण प्रभावित हुआ। अब काम में लापरवाही करने वालों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने सख्त अंदाज में कहा कि जरूरत पड़ने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और अधिकारियों पर कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
मुंबई-गोवा हाईवे सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि मुंबई से कोकण और गोवा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं। ऐसे में हाईवे का काम जल्द पूरा होने से यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर की उम्मीद है। गडकरी के सख्त रुख के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि अधूरे काम को कितनी तेजी से पूरा किया जाता है।


