पुणे : पुणे में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण खड़कवासला बांध के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसी को देखते हुए शुक्रवार दोपहर 1 बजे बांध से छोड़े जाने वाले पानी का डिस्चार्ज बढ़ाकर 27,203 क्यूसेक कर दिया गया। इससे पहले दोपहर 12 बजे यह 22,880 क्यूसेक था। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि पानशेत और वरसगांव बांधों से आने वाले पानी की मात्रा बढ़ती रही, तो डिस्चार्ज 25 हजार से 30 हजार क्यूसेक तक किया जा सकता है।
शुक्रवार सुबह खड़कवासला बांध पूरी तरह भर चुका था। वहीं पानशेत, वरसगांव और टेमघर बांधों में भी जलसंग्रह क्षमता लगभग भरने की स्थिति में पहुंच गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण चारों बांधों में बड़ी मात्रा में पानी की आवक दर्ज की गई, जिसके चलते चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, सुबह से ही पानशेत और खड़कवासला बांधों से पानी का डिस्चार्ज लगातार बढ़ाया गया। दोपहर तक स्थिति को देखते हुए खड़कवासला बांध से पानी छोड़ने की मात्रा 27,203 क्यूसेक कर दी गई। वरसगांव बांध से भी जल्द अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने मुठा नदी के किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिकों से नदी के पास जाने से बचने, अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।


