मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, हाल ही में रणबीर ने खुलासा किया कि इस किरदार को स्वीकार करने से पहले उनके मन में कई तरह की शंकाएं और डर थे।
अमेरिका के सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में आयोजित एक विशेष पैनल चर्चा के दौरान रणबीर कपूर ने बताया कि जब उन्हें पहली बार इस फिल्म का प्रस्ताव मिला, तो उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या वह इतने महान और पूजनीय चरित्र के साथ न्याय कर पाएंगे। उन्हें अपनी क्षमता को लेकर भी संदेह था। रणबीर ने कहा कि समय के साथ उनकी यह घबराहट जिम्मेदारी और कृतज्ञता की भावना में बदल गई। उन्हें एहसास हुआ कि भगवान श्रीराम का किरदार निभाना सिर्फ एक फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन में मिलने वाला एक दुर्लभ अवसर और बड़ी नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि संयम, करुणा, क्षमा और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व को पर्दे पर जीवंत करना उनके लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात है। निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभाएंगी, जबकि अभिनेता यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।


