मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर के ‘धूम 4’ में नजर आने की खबरें पिछले कई वर्षों से चर्चा में थीं। हालांकि अब अभिनेता ने खुद इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। रणबीर ने साफ किया है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी आगामी फिल्मों ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ पर है। हाल ही में ‘रामायण’ की टीम फिल्म के प्रमोशन के लिए सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में पहुंची। इस दौरान निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, रणबीर कपूर और यश ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फिल्म से जुड़ी कई बातें साझा कीं।
इसी दौरान ‘रिव्यू नेशन’ यूट्यूब चैनल से बातचीत में जब रणबीर से ‘धूम 4’ में उनकी मौजूदगी का जिक्र किया गया, तो उन्होंने तुरंत इसे खारिज कर दिया। रणबीर ने कहा, “नहीं… फिलहाल मैं ‘रामायण’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ पर काम कर रहा हूं। यह फिल्म अगले साल जनवरी में रिलीज हो सकती है।” उनके इस बयान के बाद साफ हो गया कि वह फिलहाल ‘धूम 4’ का हिस्सा नहीं हैं। रणबीर के इस बयान के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है। वहीं, उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए ‘एनिमल पार्क’ का नाम नहीं लिया, जिससे इस फिल्म को लेकर भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल रणबीर कपूर अपना पूरा ध्यान ‘रामायण’ की रिलीज की तैयारियों पर लगाए हुए हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में उनके साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल और अरुण गोविल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।


