बेंगलुरु : कोरोना महामारी के कुछ साल बाद एक बार फिर देश के कुछ हिस्सों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पड़ोसी राज्यों में संक्रमण बढ़ने की खबरों के बीच अब कर्नाटक में भी नए मरीज मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जून महीने में कर्नाटक में कोविड-19 के केवल 14 मामले सामने आए थे। लेकिन जुलाई के पहले 10 दिनों में ही संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई। राज्य में कुल 193 संदिग्ध लोगों की कोविड जांच की गई, जिसमें 32 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
गंभीर मरीजों की संख्या कम
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कर्नाटक में मिले ज्यादातर कोविड मरीजों में संक्रमण का असर गंभीर नहीं है। कई मामलों में बिना लक्षण वाले मरीजों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुछ मरीजों की जांच ऑपरेशन से पहले की जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के दौरान हुई। कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त गुरुदत्त हेगड़े ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बेवजह डर का माहौल न बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सावधानी जरूरी, घबराने की नहीं
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है। फिलहाल कर्नाटक में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर जांच और सावधानी से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।


