चंद्रपुर, गौरव पराते (प्रतिनिधी) : सरदार पटेल मेमोरियल सोसायटी (ट्रस्ट), चंद्रपुर द्वारा संचालित राजीव गांधी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी (RCERT), चंद्रपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग तथा इको-प्रो संस्था के संयुक्त तत्वावधान में पठानपुरा गेट परिसर में किला स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत पठानपुरा गेट परिसर के दोनों बुर्जों की सफाई की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल चिताडे और CSE विभागाध्यक्ष डॉ. नितीन जानवे के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में इको-प्रो के बंडू धोतरे एवं उनकी टीम, अभियान के संयोजक प्रा. महेश डुंबेरे, डॉ. माधवी साडू और प्रा. तेजस मुन सहित विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चंद्रपुर की ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण एवं संवर्धन करना, ऐतिहासिक वास्तुओं के परिसर में स्वच्छता बनाए रखना तथा नागरिकों में ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूकता निर्माण करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य था। विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से स्वच्छता कार्य में सहभागिता दर्ज कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।


