कोल्हापुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आज और कल प्रस्तावित कोल्हापुर दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। तबीयत अस्वस्थ होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी। इसके बाद अमित शाह हुबली से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे के रद्द होने से हुपरी और कोल्हापुर में कार्यक्रम की तैयारियों पर भी असर पड़ा है।
अमित शाह का शनिवार और रविवार को कोल्हापुर दौरा प्रस्तावित था। हुपरी स्थित कल्लाप्पाणा आवाडे जवाहर शेतकरी सहकारी साखर कारखाना परिसर में उनके हाथों महालक्ष्मी ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट का भूमिपूजन होना था। करीब 600 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाले इस प्रोजेक्ट को शून्य कचरा और ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अवधारणा पर तैयार किया जाना है। इसके अलावा कर्नाटक के बेलगावी जिले के चिक्कोडी तालुका स्थित एकसंबा में भी अमित शाह के हाथों विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन प्रस्तावित था। उनके दौरे को लेकर हुपरी के साथ ही कोल्हापुर और कर्नाटक में भी तैयारियां की गई थीं।
राहुल आवाडे ने की थी बड़ी तैयारी
हुपरी के कार्यक्रम को लेकर विधायक राहुल आवाडे की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। अमित शाह की मौजूदगी में कार्यक्रम को भव्य रूप देने की योजना थी। अब उनके दौरे के रद्द होने के बाद हुपरी का कार्यक्रम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक निर्णय का इंतजार है। अमित शाह के कोल्हापुर दौरे की रूपरेखा पहले ही घोषित की गई थी और 20 सितंबर को जवाहर कारखाना परिसर में परियोजना के भूमिपूजन का कार्यक्रम तय था। लेकिन स्वास्थ्य कारणों से दौरा रद्द होने के बाद अब सभी की नजरें कार्यक्रम के अगले निर्णय पर टिकी हैं।


