मुंबई : महाराष्ट्र में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के 13 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नंदुरबार, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण, पश्चिम महाराष्ट्र और विदर्भ के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। उधर, विदर्भ में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पिछले 12 घंटों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक हादसा यवतमाल जिले में सामने आया, जहां दारव्हा-लोणी मार्ग पर कुट्टी नदी के पुल के पास तेज बहाव में एक कार बह गई। इस हादसे में एक मां और उसकी दो बेटियों की जान चली गई। वहीं, भंडारा और वर्धा जिलों में भी पानी के तेज बहाव में बहने से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने वर्धा और चंद्रपुर जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। किसानों और नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम को देखते हुए जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।


