मुंबई: महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार, 4 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर मुंबई, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और पुणे-नासिक के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कोई जरूरी काम न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें और यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें।
इन जिलों में रेड अलर्ट
शनिवार को पालघर, मुंबई, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगढ़ तथा नासिक, पुणे और सातारा के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, धुले, नंदुरबार, वाशिम, यवतमाल, गोंदिया और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भी कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
विदर्भ और मराठवाड़ा में येलो अलर्ट
वहीं नागपुर, अमरावती, चंद्रपुर, भंडारा, वर्धा, गडचिरोली, बुलढाणा, अकोला, जालना, परभणी, नांदेड़, बीड, हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर और जळगांव समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। खासकर मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और कोंकण क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन की अपील
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें और जलभराव, नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। आवश्यकता पड़ने पर ही यात्रा करें और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।

