तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला विदेश दौरा तय हो गया है। केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने उनके आधिकारिक ब्रिटेन दौरे को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विजय 11 सितंबर को चार दिवसीय यूके दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरे को तमिलनाडु में निवेश बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। ब्रिटेन में मुख्यमंत्री विजय संभावित निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान करीब 1.02 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े समझौते होने की संभावना जताई जा रही है।
विजय के साथ तमिलनाडु सरकार के उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और वाणिज्य विभाग के अधिकारी भी ब्रिटेन जाएंगे। हालांकि, दौरे का पूरा कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है। अधिकारियों के मुताबिक, 8 सितंबर को विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री के विदेश दौरे का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा।
निवेश पर सरकार का फोकस
तमिलनाडु सरकार के अनुसार, अब तक 104 समझौता ज्ञापनों (MoUs) के जरिए 1.02 लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता मिली है। सरकार का दावा है कि 2026 के वेट्री तमिलनाडु इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव में 97 कंपनियों ने 67,452 करोड़ रुपये के MoUs पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का यह पहला विदेश दौरा होने के कारण इस पर खास नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि ब्रिटेन यात्रा से तमिलनाडु में कितने नए निवेश और रोजगार के अवसर जुड़ते हैं।


