मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिलने की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें आमिर खान को निशाना बनाते हुए गंभीर चेतावनी दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह पोस्ट आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई नाम के लोगों के अकाउंट से शेयर की गई है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल पोस्ट में आमिर खान पर ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि “जो लोग स्टारडम के नाम पर ऐसी चीजों को प्रोत्साहित करेंगे, उन्हें हमारी तरह से जवाब मिलेगा… सांस भी नहीं लेने देंगे।” पोस्ट में राजस्थान के श्रीगंगानगर की एक घटना का भी जिक्र किया गया है और कुछ राजनीतिक लोगों पर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी गई है। हालांकि, इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस वायरल पोस्ट के सामने आने के बाद आमिर खान की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्ट की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सलमान खान को पहले मिल चुकी धमकियों के बाद अब आमिर खान का नाम सामने आने से बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।


