नागपुर : नागपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमआईडीसी थाना क्षेत्र के वानाडोंगरी इलाके से एक युवक को 4 किलो 30 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 के विशेष पथक ने 9 जुलाई की रात मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपी कथित तौर पर कॉलेज के पास गांजा बेचने की फिराक में खड़ा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का गांजा बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच विशेष पथक एमआईडीसी थाना क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वानाडोंगरी क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा बेचने के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वानाडोंगरी इलाके में निगरानी शुरू की। पुलिस को वाईसीसी कॉलेज के सामने स्थित आर्यन जिम के पास एक युवक कॉलेज बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम उसके पास पहुंची तो वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान निहाल प्रमोद तडस (32) निवासी बाबडे ले-आउट, कृष्णा लैंडमार्क के पास, वानाडोंगरी, तहसील हिंगणा, जिला नागपुर के रूप में बताई। पंचों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 4 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को मौके पर ही जब्त कर लिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेचने के लिए उसे अपने पास रखे हुए था। इस आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) और 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी और जब्त मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एमआईडीसी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण प्रभाग) वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-1) सिंगा रेड्डी ऋषिकेश रेड्डी, सहायक पुलिस आयुक्त (एमआईडीसी विभाग) सतीशकुमार गुरव तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोकुल महाजन के मार्गदर्शन में विशेष पथक ने की।


