नागपुर: महाराष्ट्र सरकार की लाडली बहन योजना के तहत जून महीने की किस्त का इंतजार कर रही लाखों महिलाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। जुलाई का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक जून महीने की ₹1,500 की राशि लाभार्थियों के खातों में नहीं पहुंची है। ऐसे में महिलाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस बार सिर्फ जून की ₹1,500 की किस्त मिलेगी या फिर जून और जुलाई की संयुक्त ₹3,000 की राशि एक साथ जमा की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, जून महीने की किस्त 15 जुलाई तक लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में जमा होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले मार्च-अप्रैल की संयुक्त किस्त 15 मई को और मई महीने की किस्त 15 जून को जारी की गई थी। इसी क्रम को देखते हुए जून की राशि भी 15 जुलाई के आसपास जारी होने की उम्मीद है। राज्य सरकार की ओर से हर महीने 10 तारीख के आसपास भुगतान प्रक्रिया शुरू किए जाने का प्रावधान भी किया गया है। इस बीच योजना से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस बार करीब 80 लाख महिलाओं को किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा। केवल लगभग 1 करोड़ 70 लाख पात्र महिलाओं के खातों में ही राशि भेजी जाएगी। पात्रता संबंधी नियमों या दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण कई महिलाओं का लाभ फिलहाल रुक सकता है।
वहीं, सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि लाभार्थियों के खातों में आखिर कितनी राशि आएगी। सूत्रों के मुताबिक, आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में जून और जुलाई की किस्त को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। इसके बाद मंजूर निधि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी। हालांकि, जून और जुलाई की संयुक्त ₹3,000 की राशि एक साथ जारी किए जाने की चर्चा जरूर है, लेकिन इस संबंध में सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में महिलाओं को अब सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार है।


