नागपुर : नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं को ठगने के लिए साइबर अपराधी अब नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। नागपुर मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस बढ़ती ठगी को देखते हुए महा मेट्रो ने नागरिकों और खासकर बेरोजगार युवाओं को सतर्क रहने की अपील की है।
महा मेट्रो के अनुसार, कुछ लोगों ने नागपुर मेट्रो के नाम और लोगो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी वेबसाइट तैयार की है। इन वेबसाइटों के जरिए नौकरी दिलाने का लालच देकर युवाओं से मोटी रकम वसूली जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बजाज नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं, ठगों द्वारा मेट्रो अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी नियुक्ति पत्र और ई-मेल भेजकर भी युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। कई मामलों में युवाओं को यह विश्वास दिलाया गया कि उनकी नौकरी पक्की हो गई है, जिसके बदले उनसे पैसे लिए गए।
महा मेट्रो ने स्पष्ट किया है कि संस्था में भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और किसी व्यक्ति की पहचान या सिफारिश के आधार पर नौकरी नहीं दी जाती। भर्ती से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल महा मेट्रो की वेबसाइट और प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाती है। मेट्रो प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी से संबंधित किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। यदि किसी के साथ इस तरह की धोखाधड़ी होती है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। नौकरी की उम्मीद में ठगों के जाल में फंसने वाले युवाओं की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बन रही है। ऐसे में महा मेट्रो ने एक बार फिर लोगों से अफवाहों और झूठे वादों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।


