नागपुर: नागपुर विधान परिषद उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. राजीव पोतदार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अतुल लोंढे को बड़े अंतर से पराजित करते हुए भाजपा के खाते में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक जीत दर्ज कराई।चुनाव परिणामों के अनुसार डॉ. राजीव पोतदार को 682 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अतुल लोंढे को 130 मत मिले। वहीं, 11 मत अवैध घोषित किए गए।
परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, गुलाल उड़ाया तथा मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई।राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह जीत भाजपा के मजबूत संगठन और प्रभावी रणनीति का परिणाम मानी जा रही है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह परिणाम चिंतन का विषय बन गया है। चुनाव से पहले कांग्रेस खेमे की ओर से लगभग 211 वोटों का दावा किया जा रहा था, लेकिन पार्टी उम्मीदवार को केवल 130 वोट ही मिले। इसके बाद करीब 81 वोटों के क्रॉस वोटिंग के जरिए भाजपा के पक्ष में जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है।
जीत के बाद डॉ. राजीव पोतदार ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और मतदाताओं के विश्वास की जीत बताया। भाजपा नेताओं ने भी इस परिणाम को पार्टी की नीतियों और संगठनात्मक मजबूती पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। नागपुर विधान परिषद उपचुनाव का यह परिणाम भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने और अपने जनाधार को बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। अब पार्टी के भीतर हार के कारणों को लेकर मंथन शुरू होने की संभावना है।


