हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो में देरी! अधूरे स्टेशनों पर भड़के पुणेकर, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

पुणे: हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक प्रस्तावित मेट्रो सेवा की शुरुआत को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मेट्रो के कई स्टेशन अभी भी अधूरे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से बार-बार उद्घाटन की तारीखें घोषित किए जाने से नागरिकों में नाराजगी बढ़ गई है। पुणेकरों का कहना है कि केवल तारीखें घोषित करने के बजाय पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक कार्य पूरे किए जाएं, उसके बाद ही मेट्रो सेवा शुरू की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि परियोजना में लगातार हो रही देरी प्रशासनिक समन्वय की कमी और कमजोर प्रबंधन का परिणाम है। उनका कहना है कि यह जनता के टैक्स का पैसा है, इसलिए देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मार्च 2025 से मेट्रो के उद्घाटन की संभावित तारीखें कई बार आगे बढ़ाई जा चुकी हैं। इससे आईटी सेक्टर के कर्मचारियों समेत हजारों यात्रियों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर हुआ है। नागरिकों का मानना है कि अधूरी तैयारियों के बावजूद आश्वासन देना लोगों की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ है।
लोगों ने मांग की है कि परियोजना की सभी बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष ‘वॉर रूम’ बनाई जाए और गुणवत्ता से समझौता किए बिना शेष काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। साथ ही, परियोजना में हुई देरी के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कर सच जनता के सामने लाया जाए।
नागरिकों का कहना है कि जब तक सभी निर्माण कार्य, सुरक्षा परीक्षण और आवश्यक सरकारी मंजूरियां पूरी नहीं हो जातीं, तब तक मेट्रो सेवा शुरू करने की जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए। उनका मानना है कि सुरक्षित और पूरी तरह तैयार मेट्रो सेवा ही पुणेवासियों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

Related Posts

पेट्रोल-डीजल खरीद पर नई सीमा, कैन और बैरल में ईंधन पर सख्ती

मूंबई : बढ़ती मांग और ईंधन की जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर नए नियम लागू किए हैं। अब पेट्रोल…

ST कर्मचारियों का एल्गार, 29 जून से अनिश्चितकालीन धरना

नागपुर : महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर फिर से आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों की संयुक्त कार्रवाई…