भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। दिवाली पर फिल्म का पहला पार्ट रिलीज होने वाला है। वहीं, दूसरे पार्ट के लिए दर्शकों को साल 2028 तक इंतजार करना पड़ सकता है। इसी बीच अभिनेता रणबीर कपूर ने फिल्म को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जिसके बाद ‘रामायण पार्ट 3’ की चर्चा शुरू हो गई है। क्या रणबीर ने अनजाने में तीसरे पार्ट का खुलासा कर दिया? उनके बयान ने फैंस के मन में यह सवाल खड़ा कर दिया है।
लॉस एंजिलिस में हुई फिल्म की स्क्रीनिंग
‘रामायण’ की लॉस एंजिलिस में स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जहां से फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की खबरें सामने आ रही हैं। इस दौरान रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश ने विदेशी मीडिया को कई इंटरव्यू दिए। एक इंटरव्यू में रणबीर से फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने जो जवाब दिया, उसने सभी का ध्यान खींच लिया।
रणबीर ने बताया, पार्ट 2 की आधी शूटिंग पूरी
रणबीर कपूर ने बताया कि वह दूसरे पार्ट की लगभग 50 प्रतिशत शूटिंग पहले ही पूरी कर चुके हैं। फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है। इसी बातचीत में उन्होंने दूसरे पार्ट के साथ तीसरे पार्ट की शूटिंग की तैयारियों का भी जिक्र किया। रणबीर ने कहा, “मैंने पार्ट 2 की 50 प्रतिशत शूटिंग पहले ही पूरी कर ली है। हम अभी भी शूटिंग की प्रक्रिया में हैं। जैसा कि मैंने बताया, अब हम दूसरे पार्ट और अगर तीसरा पार्ट आता है तो उसकी शूटिंग की तैयारी कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यह उनके लिए जिंदगी में एक बार मिलने वाला अवसर है। फिल्म का परिणाम चाहे जो भी हो, इतने बड़े स्तर पर इस कहानी को पर्दे पर दिखाने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास है।
क्या सच में बनेगा ‘रामायण पार्ट 3’?
रणबीर के इस बयान के बाद तीसरे पार्ट को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा या मेकर्स की ओर से अभी तक तीसरे पार्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल फिल्म के केवल दो पार्ट बनाने की ही जानकारी सामने आई है। पहला पार्ट 5 नवंबर को रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट साल 2028 में दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
बड़ी स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा रवि दुबे, अरुण गोविल, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, विवेक ओबेरॉय, इंदिरा कृष्णन, आदिनाथ कोठारे और अजिंक्य देव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिलहाल रणबीर के बयान ने फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मेकर्स भविष्य में ‘रामायण पार्ट 3’ को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान करते हैं या नहीं।


