उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बद्रीनाथ धाम से जोशीमठ लौट रहा एक हेलिकॉप्टर अचानक लापता हो गया है। हेलिकॉप्टर से संपर्क टूटने और उसकी लोकेशन नहीं मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में 5 यात्री और एक पायलट सवार थे। ऐसे में सभी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर जोशीमठ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चमोली जिला प्रशासन हरकत में आ गया और हेलिकॉप्टर की तलाश के लिए तुरंत सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हेलिकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के साथ संबंधित हेलिकॉप्टर कंपनी की टीम भी उसकी तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल हेलिकॉप्टर के साथ वास्तव में क्या हुआ और वह किस स्थान पर लापता हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं। अब सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।


