मुंबई : प्रसिद्ध मीडिया एक्टिविस्ट एवं वरिष्ठ पत्रकार मनेंद्र प्रताप सिंह को प्रतिष्ठित मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान से नवाजा गया। भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर मुंबई के मेयर हॉल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार दिलीप सेन और पूर्व मंत्री एवं भाजपा उपाध्यक्ष हाजी हैदर आजम ने सिंह को चमचमाती ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवॉर्ड शो का आयोजन रायन आर्ट्स की ओर से किया गया। आयोजक अब्दुल कादिर करजगी ने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में मनोरंजन, सामाजिक कार्य, व्यवसाय, शिक्षा और मीडिया जगत में सराहनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए वरिष्ठ पत्रकार मनेंद्र प्रताप सिंह को मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान प्रदान किया गया।
इससे पहले भी सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। बेनिन विश्वविद्यालय ने उन्हें ग्लोबल पीस एम्बेसडर की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें महात्मा गांधी रत्न, ग्लोबल मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड, विवेकानंद गौरव पुरस्कार, मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड, मीडिया वॉरियर पुरस्कार, हिंदुस्तान रत्न, प्राइड मीडिया अवॉर्ड और इंडियन एक्सीलेंस मीडिया सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।


