शिकागो से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 उस वक्त मुश्किल में फंस गई, जब करीब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान में अचानक तकनीकी खराबी सामने आई। Boeing 777-200ER विमान ने इसके बाद तेजी से नीचे आना शुरू किया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, महज 9.5 मिनट में विमान करीब 28 हजार फीट नीचे आ गया और लगभग 9 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला किया।
7700 कोड ने बताया- स्थिति गंभीर है
तकनीकी समस्या के बाद पायलट ने 7700 इमरजेंसी ट्रांसपॉन्डर कोड भेजा। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर विमान आपातस्थिति के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इस कोड के जरिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संकेत मिलता है कि विमान को तत्काल सहायता और प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की जरूरत है।
30 टन ईंधन हवा में छोड़ा
आपातकालीन लैंडिंग को सुरक्षित बनाने के लिए विमान का वजन कम करना जरूरी था। इसके लिए करीब 30 टन ईंधन हवा में छोड़ा गया। इसके बाद विमान को वापस हीथ्रो लाया गया और सुरक्षित रूप से उतारा गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
ब्रिटिश एयरवेज के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीकी समस्या के बावजूद पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से बाहर निकाला गया और उनके आगे के सफर की व्यवस्था के लिए टीम ने काम शुरू किया।


