नई दिल्ली : दिवाली का त्योहार नजदीक है और इसी बीच दिल्ली के राशन कार्डधारक परिवारों के लिए राहत की खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने राशन कार्डधारक परिवारों को LPG सिलेंडर के लिए आर्थिक मदद देने की योजना लागू की है। इस योजना के तहत परिवारों को हर साल दो LPG सिलेंडर की कीमत के बराबर आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह मदद होली और दिवाली के मौके पर दी जाएगी।
कुछ महीने पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस योजना की घोषणा की थी। अब दिवाली के मौके पर इस योजना को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। खास बात यह है कि लाभ लेने के लिए संबंधित महीने में LPG सिलेंडर रिफिल कराना जरूरी नहीं बताया गया है।
खाते में सीधे आएगी रकम
इस योजना का लाभ लेने वाले परिवारों के लिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी है। सरकार की ओर से दी जाने वाली राशि DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए परिवार के रजिस्टर्ड सदस्य के बैंक खाते में जमा की जाएगी। यानी लाभार्थी को अलग से राशि लेने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
LPG के साथ PNG इस्तेमाल करने वालों को भी लाभ
योजना की एक खास बात यह है कि इसका लाभ केवल LPG इस्तेमाल करने वाले परिवारों तक सीमित नहीं है। अगर कोई राशन कार्डधारक परिवार खाना बनाने के लिए PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस का इस्तेमाल करता है, तब भी वह इस आर्थिक सहायता के लिए पात्र हो सकता है। सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस योजना पर हर साल करीब 242.77 करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद है। LPG की कीमत, केंद्र सरकार की सब्सिडी और लाभार्थियों की संख्या में बदलाव के कारण इस खर्च में कमी या बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली में LPG की मौजूदा कीमत कितनी?
दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत फिलहाल 942 रुपये बताई गई है। वहीं, 19 किलो के व्यावसायिक LPG सिलेंडर की कीमत में हाल ही में 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिवाली से पहले शुरू हुई इस आर्थिक मदद को लेकर अब दिल्ली के राशन कार्डधारक परिवारों की नजर इस बात पर है कि उनके खाते में सहायता राशि कब और कितनी रकम के रूप में जमा होगी।


