अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
एडवांस बुकिंग में कितनी कमाई?
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग से अब तक 18.48 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज की गई है। इसमें ब्लॉक सीट्स को हटाने के बाद आंकड़ा करीब 12.21 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म के लिए करीब 21,281 शो में 4.77 लाख टिकट बिकने की जानकारी सामने आई है। पहले दिन यानी 2 अक्टूबर की बुकिंग से करीब 9.72 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हो चुकी है। कुल एडवांस ग्रॉस कलेक्शन में इसका हिस्सा लगभग 53 फीसदी बताया गया है। वहीं, अब तक 24 शो हाउसफुल होने की जानकारी है।
महाराष्ट्र में भी दिख रहा है उत्साह
फिल्म की एडवांस बुकिंग में महाराष्ट्र का योगदान भी नजर आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र से करीब 5.87 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस कमाई हुई है। इसमें मुंबई की हिस्सेदारी करीब 3.45 करोड़ रुपये, जबकि पुणे से लगभग 1.61 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी होने के कारण फिल्म को पहले दिन दर्शकों की अच्छी संख्या मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, असली तस्वीर रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ही साफ होगी।
विजय सालगांवकर की कहानी फिर आगे बढ़ेगी
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी से विजय सालगांवकर का किरदार दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुका है। पहला ‘दृश्यम’ 2015 में और ‘दृश्यम 2’ 2022 में रिलीज हुआ था। दोनों फिल्मों के बाद अब तीसरे भाग में कहानी किस मोड़ पर पहुंचती है, इसे लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। अब 2 अक्टूबर को पता चलेगा कि विजय सालगांवकर का यह नया अध्याय दर्शकों को कितना पसंद आता है।


