नागपुर : गणपति उत्सव के दौरान शहर में चल रही रात की गश्त के बीच पुलिस की यूनिट क्रमांक 02 ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की। राणा प्रताप नगर पुलिस थाना क्षेत्र में सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से करीब 150 मीटर दूर पुलिस ने एक युवक को MD पाउडर के साथ पकड़ा। इस कार्रवाई में एक विधि संघर्षग्रस्त बालक भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर टी-पॉइंट से हिंगणा टी-पॉइंट की ओर जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर पोल नंबर 151 के पास दो व्यक्ति एक एक्टिवा के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अक्षय चंद्रशेखर यावलकर (29), निवासी न्यू नीलडोह के कब्जे से 11 ग्राम MD पाउडर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक एक्टिवा भी जब्त की। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर बरामद पदार्थ को सीलबंद कराया। मामले में राणा प्रताप नगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 665/2026 के तहत NDPS Act की धारा 8(क), 22(ब) और 29 में कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान मिले विधि संघर्षग्रस्त बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने उसकी रिश्तेदार श्रीमती संजना रमेश टेंबरे को थाने में उपस्थित रहने के संबंध में सूचना पत्र दिया था। इस मामले में फारुख शेख, उम्र करीब 30 से 35 वर्ष, निवासी महाजनवाड़ी, नागपुर, को वांछित आरोपी बताया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


