Dharmendra Last Film : बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और पर्दे पर निभाए किरदार हमेशा उनकी याद दिलाते रहेंगे। उनके निधन के बाद उनकी फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज हुई, जिसे अब तक उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा था। लेकिन अब निर्देशक बिस्वजीत चटर्जी के एक खुलासे ने धर्मेंद्र के फैंस के लिए एक बार फिर खास उम्मीद जगा दी है।
बिस्वजीत चटर्जी के मुताबिक, धर्मेंद्र उनकी आने वाली फिल्म ‘अग्नियुग: द फायर’ में भी नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म में धर्मेंद्र लाला लाजपत राय का किरदार निभा रहे हैं। यही वजह है कि निर्देशक इसे धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म बता रहे हैं।
धर्मेंद्र के परिवार से जुड़ा भावुक किस्सा
एएनआई को दिए इंटरव्यू में बिस्वजीत चटर्जी ने धर्मेंद्र के निधन के बाद बॉबी देओल के बेटे आर्यमन देओल से हुई मुलाकात का भावुक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद वह सीधे उनके घर पहुंचे थे। वहां आर्यमन ने धर्मेंद्र की एक तस्वीर देखी, जिसमें वह लाला लाजपत राय के रूप में नजर आ रहे थे। बिस्वजीत ने आर्यमन से पूछा कि क्या वह तस्वीर में नजर आ रहे शख्स को पहचानते हैं। आर्यमन ने उन्हें ‘दादू’ कहा। इसके बाद जब बिस्वजीत ने बताया कि यह उनके दादू की आखिरी फिल्म है, तो आर्यमन ने इस बात पर यकीन नहीं किया। वहां मौजूद बॉबी देओल ने बाद में बेटे को समझाया कि हां, यही उनके पिता की आखिरी फिल्म है। इस पूरे किस्से ने धर्मेंद्र के परिवार और उनके चाहने वालों के लिए इस फिल्म को और भी खास बना दिया है।
1975 में भी साथ काम कर चुके हैं धर्मेंद्र और बिस्वजीत
धर्मेंद्र और बिस्वजीत चटर्जी का रिश्ता नया नहीं है। दोनों इससे पहले साल 1975 में आई फिल्म ‘कहते हैं मुझे राजा’ में साथ काम कर चुके हैं। बिस्वजीत ‘मेरे सनम’, ‘शहनाई’, ‘आसरा’, ‘नाइट इन लंदन’, ‘ये रात फिर ना आएगी’, ‘एप्रिल फूल’, ‘किस्मत’ और ‘दो कलियां’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल ‘अग्नियुग: द फायर’ की रिलीज डेट सामने नहीं आई है। फिल्म में जैकी श्रॉफ के भी नजर आने की जानकारी है। अब धर्मेंद्र को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखना उनके चाहने वालों के लिए भावुक और यादगार अनुभव हो सकता है।


