संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म से अब रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर रणबीर का पोस्टर शेयर किया है, जिसे देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
पोस्टर में रणबीर कपूर एक बेहद इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह विंटेज कार चलाते दिखाई दे रहे हैं। आंखों पर चश्मा और हाथ पर लगा खून उनके किरदार को लेकर कई सवाल खड़े करता है। भंसाली की फिल्मों की तरह इस पोस्टर में भी भव्यता और बारीकियों पर खास ध्यान नजर आ रहा है। रणबीर का यह लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कई यूजर्स ने उनके लुक की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद हैंडसम बताया, तो कुछ ने कहा कि यह ऐसा लुक है, जो स्क्रॉल करते हुए भी रुकने पर मजबूर कर देता है। रणबीर को लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर देखने की उत्सुकता भी फैंस की प्रतिक्रियाओं में साफ दिखाई दे रही है।
रणबीर के साथ आलिया और विक्की भी
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। रणबीर और आलिया की जोड़ी ‘ब्रह्मास्त्र’ के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी। वहीं, इन तीनों कलाकारों को एक साथ देखने को लेकर भी दर्शकों में खास उत्साह है। यह फिल्म एक भव्य रोमांटिक वॉर ड्रामा बताई जा रही है। फिल्म को लेकर कई बार बदलाव और देरी की खबरें सामने आने के बाद अब इसकी रिलीज डेट भी तय है। ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है।
रणबीर के फर्स्ट लुक के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के बाकी कलाकारों के लुक पर है। साथ ही फैंस को इसके टीजर और ट्रेलर का भी बेसब्री से इंतजार है। पोस्टर ने फिलहाल इतना जरूर साफ कर दिया है कि फिल्म को लेकर आने वाले हर अपडेट पर दर्शकों की नजर बनी रहने वाली है।


