Bank Holiday : बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने ग्राहकों के लिए अहम फैसला लिया है। अब रविवार, 27 सितंबर 2026 को देशभर की सभी सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के लिए इंतजार न करना पड़े, इसलिए रविवार को भी बैंक खोलने का फैसला लिया गया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
दरअसल, 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी थी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिनों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। इसी परेशानी को देखते हुए वित्त मंत्रालय ने 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को नियमित कामकाज के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। इसका मकसद यह है कि हड़ताल शुरू होने से पहले ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकें।
बातचीत से नहीं निकला समाधान
मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर की मौजूदगी में बैंक यूनियनों और संबंधित पक्षों के बीच सुलह बैठक भी हुई। हालांकि, बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। वित्त मंत्रालय ने 23 सितंबर को जारी बयान में भी लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण ग्राहकों को होने वाली परेशानी का जिक्र किया है।
RBI ने भी दी मंजूरी
रविवार को बैंक खोलने के इस फैसले को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की भी मंजूरी मिल गई है। इस दौरान केवल नियमित बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि बैंक कार्यालय, ATM से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी सामान्य कार्यदिवस की तरह काम करेंगे। यानी जिन ग्राहकों के जरूरी बैंकिंग काम कई दिनों से अटके हुए हैं, उनके लिए 27 सितंबर का रविवार एक अतिरिक्त मौका होगा। सोमवार से प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने से पहले ग्राहक इस दिन अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर सकते हैं।


