मुंबई : मुंबई की सड़कों पर रोजाना ट्रैफिक में फंसने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने मुंबई के दो बड़े अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट्स के लिए आर्थिक मदद को मंजूरी दी है। इससे ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव और ठाणे से बोरीवली के बीच सफर आसान और तेज होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार की ओर से मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव भुयारी मार्ग के लिए 57 करोड़ रुपये का दुय्यम कर्ज देने को मंजूरी दी गई है। वहीं, ठाणे-बोरीवली भुयारी मार्ग के लिए 153 करोड़ रुपये की ब्याजमुक्त राशि दी जाएगी।
ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव सिर्फ 5 मिनट में
ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव के बीच करीब 9 से 10 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया जा रहा है। इसमें करीब 7 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत होगा। यह मार्ग ईस्टर्न फ्रीवे, अटल सेतु और मरीन ड्राइव-कोस्टल रोड को आपस में जोड़ेगा। फिलहाल ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव पहुंचने में करीब 30 से 40 मिनट लगते हैं। भुयारी मार्ग तैयार होने के बाद यही सफर करीब 5 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। यानी रोज इस रास्ते से आने-जाने वाले मुंबईकरों के समय की बड़ी बचत हो सकती है।
ठाणे-बोरीवली का सफर भी होगा आसान
ठाणे से बोरीवली जाने वालों के लिए भी यह प्रोजेक्ट अहम है। अभी घोड़बंदर रोड से इस सफर में ट्रैफिक के कारण करीब डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते हैं। इसी समस्या को कम करने के लिए संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे करीब 11.80 किलोमीटर लंबी भुयारी सड़क बनाई जा रही है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ठाणे से बोरीवली का सफर करीब 15 मिनट में पूरा होने की बात कही गई है। मुंबई जैसे तेज रफ्तार शहर में रोज का लंबा ट्रैफिक सफर लोगों के समय और दिनचर्या दोनों को प्रभावित करता है। ऐसे में इन दोनों भुयारी मार्गों के तैयार होने से सिर्फ दूरी कम नहीं होगी, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के सफर का समय भी काफी कम हो सकता है।


