इस साल ऑस्कर के लिए भारत की ओर से मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है। ऐसे में रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया है। दोनों फिल्मों को भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री के तौर पर नहीं चुना गया। हालांकि, ‘धुरंधर’ के लिए ऑस्कर तक पहुंचने का एक और रास्ता अभी खुला हुआ है।
आखिर ‘धुरंधर’ क्यों नहीं चुनी गई?
‘एनडीटीवी’ से बातचीत में ज्यूरी सदस्य विवेक वासवानी ने बताया कि 14 सदस्यों वाली ज्यूरी को ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ऑस्कर के लिए उपयुक्त विकल्प नहीं लगे। उनके मुताबिक, फिल्म का चयन उसकी लोकप्रियता या बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आधार पर नहीं किया गया। ज्यूरी ऐसे सिनेमा को चुनना चाहती थी, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संस्कृति और देश की अलग पहचान को प्रभावी तरीके से सामने रख सके। इसी आधार पर ‘धुरंधर’ ज्यूरी की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। मतदान में 14 में से सिर्फ 4 सदस्यों ने ‘धुरंधर’ के पक्ष में वोट किया।
30 से ज्यादा फिल्मों के बीच हुई थी प्रतियोगिता
इस साल ऑस्कर की भारतीय एंट्री के लिए अलग-अलग भाषाओं की 30 से ज्यादा फिल्मों के बीच मुकाबला था। इनमें 14 हिंदी, 4 मराठी, 4 गुजराती, 3 तमिल, 1 मलयालम, 1 नेपाली और नागालैंड की एक फिल्म शामिल थी। अंतिम चरण में ज्यूरी के सामने ‘गोंधल’, ‘अंग’ और ‘मैं वापस आऊंगा’ तीन फिल्में थीं। इनमें ‘गोंधल’ को सबसे ज्यादा वोट मिले और इसी के साथ इसे भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री घोषित किया गया।
महाराष्ट्र की लोकपरंपरा पर आधारित है ‘गोंधल’
संतोष डावखर द्वारा लिखित और निर्देशित ‘गोंधल’ महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककला और धार्मिक अनुष्ठान से जुड़ी ‘गोंधल’ परंपरा पर आधारित है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभू अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने दिया है।
‘धुरंधर’ के पास अभी एक और रास्ता
‘गोंधल’ को भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने के बाद भी ‘धुरंधर’ पूरी तरह ऑस्कर की दौड़ से बाहर नहीं हुई है। फिल्म के निर्माता स्वतंत्र रूप से ऑस्कर के लिए अपनी फिल्म भेज सकते हैं। इससे पहले एस.एस. राजामौली की ‘RRR’ ने भी इसी तरह ऑस्कर की दौड़ में जगह बनाई थी। फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ ने 2023 में 95वें अकादमी अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग’ का पुरस्कार जीता था। यानी भारत की आधिकारिक एंट्री इस बार ‘गोंधल’ है, लेकिन ‘धुरंधर’ के निर्माताओं के पास स्वतंत्र रूप से ऑस्कर की रेस में उतरने का विकल्प अभी मौजूद है।


