बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल जैसे तीन बड़े सितारों से सजी इस फिल्म का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है। हालांकि, अब फिल्म की रिलीज में देरी होने की संभावना जताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, संजय लीला भंसाली ने फरवरी 2024 में फिल्म पर काम शुरू किया था। हाल ही में फिल्म की पूरी शूटिंग खत्म हुई थी। लेकिन एडिटिंग के दौरान भंसाली को युद्ध से जुड़े कुछ सीन में सुधार की जरूरत महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने इन सीन्स को दोबारा शूट करने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि मुंबई के गोरेगांव स्थित वेलकम ग्राउंड में करीब एक सप्ताह तक अतिरिक्त शूटिंग की जाएगी। भंसाली अपनी फिल्मों की भव्यता और बारीकियों के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में वह फिल्म के किसी भी हिस्से से समझौता नहीं करना चाहते।
पहली बार एक साथ नजर आएंगे रणबीर, आलिया और विकी
‘लव एंड वॉर’ की सबसे खास बात इसकी स्टारकास्ट है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल पहली बार किसी फिल्म में एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। तीनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता है। अब अतिरिक्त शूटिंग की खबर के बाद दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज डेट पर टिक गई है। फिल्म कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में फैंस को भंसाली की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।


