भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में लंबे समय से चली आ रही तल्खी के बीच अब एक नई हलचल सामने आई है। खबरों के मुताबिक, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नई दिल्ली दौरे को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। हालांकि, अभी तक दोनों देशों की ओर से इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले भारत आने का निमंत्रण स्वीकार न करने वाले रहमान अब खुद दिल्ली आने की तैयारी क्यों कर रहे हैं?
रिश्तों में तनाव की वजह क्या रही?
2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आ गई थीं। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। शेख हसीना को भारत में आश्रय मिलने का मुद्दा नई दिल्ली और ढाका के बीच तनाव का एक अहम कारण माना जाता रहा है। इसके अलावा सीमा विवाद, तीस्ता नदी का मुद्दा और बांग्लादेश के चीन के साथ बढ़ते संबंधों को लेकर भी दोनों देशों के रिश्तों में खिंचाव देखने को मिला है।
दिल्ली दौरे को लेकर बातचीत शुरू
मिली जानकारी के मुताबिक, तारिक रहमान के भारत दौरे की योजना को लेकर चर्चा चल रही है। फिलहाल दौरे का एजेंडा तैयार किया जा रहा है। हालांकि, तारीख अभी तय नहीं हुई है। खबरों में यह संभावना जताई जा रही है कि रहमान नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में भारत आ सकते हैं। अगर दौरा होता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी होने की संभावना है। लेकिन इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहले दो बार नहीं पहुंचे थे भारत
तारिक रहमान को इससे पहले भी भारत आने के लिए दो बार आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, वह उन मौकों पर भारत नहीं आए। अब दिल्ली दौरे को लेकर बातचीत शुरू होने से दोनों देशों के संबंधों में बदलाव के संकेतों पर चर्चा तेज हो गई है।
मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं, जवाब भी आया
हाल ही में तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए भारत की जनता के लिए उनकी सेवा जारी रहने की बात कही। इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने भी रहमान की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और उनके स्नेहपूर्ण शब्दों की सराहना की।
बांग्लादेश ने जताई भारत से बेहतर रिश्तों की इच्छा
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद बांग्लादेश की ओर से भारत के साथ बेहतर संबंध बनाने की इच्छा भी जाहिर की गई। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायून कबीर ने कहा कि दोनों देशों को नए संबंधों की ओर बढ़ना चाहिए और इसके लिए बहुपक्षीय मंचों के बजाय द्विपक्षीय बातचीत पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश को भारत के साथ सामान्य और अच्छे द्विपक्षीय संबंध चाहिए। फिलहाल तारिक रहमान के दिल्ली दौरे की तारीख और आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है। लेकिन अगर यह दौरा होता है, तो यह भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर चल रही बातचीत के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा।


