अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के बाल्टीमोर शहर में बुधवार रात अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। ईस्ट फेयेट स्ट्रीट के पास हुई इस घटना में एक छोटे बच्चे समेत कई लोगों के घायल होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बाल्टीमोर पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने फेयेट स्ट्रीट और कैरोलिन स्ट्रीट को बंद कर दिया और पूरे इलाके को घेर लिया। घटनास्थल पर पुलिस की गाड़ियां, एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियां तैनात दिखाई दीं।
मासूम बच्चे को पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल
गोलीबारी में एक छोटे बच्चे को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बाल्टीमोर पुलिस ने उसे अपने वाहन से तत्काल नजदीकी हॉपकिन्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसके इलाज के लिए सर्जरी की जा रही है। इस घटना में घायल हुए अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचानक हुई इस हिंसक घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया है, वहीं मासूम बच्चे के घायल होने की खबर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
हमलावर और वजह की तलाश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोलीबारी किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।


