गणपति उत्सव के बाद घर में अक्सर नारियल, गुड़ और पूजा में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री बच जाती है। ऐसे में इन्हें फेंकने के बजाय आप कुछ स्वादिष्ट और घर की बनी मिठाई तैयार कर सकते हैं। अगर आपको कम समय में कुछ मीठा बनाने का मन है, तो नारियल-गुड़ की बर्फी एक बढ़िया विकल्प है। इसमें न ज्यादा सामान चाहिए और न ही घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत है।
नारियल-गुड़ की बर्फी के लिए सामग्री
– 2 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
– 1 कप गुड़
– 2 चम्मच घी
– ½ चम्मच इलायची पाउडर
– 2-3 चम्मच दूध
– कटे हुए काजू-बादाम
– थोड़ा सा नारियल सजाने के लिए
ऐसे बनाएं नारियल-गुड़ की बर्फी
सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट भूनें। नारियल का रंग ज्यादा नहीं बदलना चाहिए, बस उसकी नमी थोड़ी कम हो जाए। अब इसमें गुड़ डालें और अच्छी तरह मिलाएं। गुड़ पिघलने के बाद मिश्रण को लगातार चलाते रहें। जरूरत महसूस हो तो इसमें थोड़ा दूध डाल सकते हैं। जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालकर मिला दें।
अब एक प्लेट या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर तैयार मिश्रण को समान रूप से फैला दें। ऊपर से थोड़ा कद्दूकस किया हुआ नारियल और ड्राय फ्रूट्स डालें। इसे कुछ देर ठंडा होने दें। मिश्रण सेट हो जाए तो मनचाहे आकार में बर्फी काट लें।
स्वाद के साथ बची सामग्री का भी सही इस्तेमाल
नारियल और गुड़ से बनी यह बर्फी घर में मौजूद साधारण सामग्री से आसानी से तैयार हो जाती है। खास बात यह है कि इसमें बाजार से अलग से बहुत कुछ खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। त्योहार के बाद घर में बची सामग्री को स्वादिष्ट मिठाई में बदलने का यह आसान तरीका है। एक बार जरूर ट्राई करें—शायद अगली बार त्योहार का इंतजार किए बिना ही घर में नारियल-गुड़ की बर्फी बनाने का मन करे!


