‘बिग बॉस 20’ का पहला ‘वीकेंड का वार’ खत्म हो चुका है और घर में अब दूसरे हफ्ते का माहौल और भी दिलचस्प होता नजर आ रहा है। सलमान खान ने जहां कुछ सदस्यों की तारीफ की, वहीं कुछ को उनकी हरकतों के लिए जमकर फटकार भी लगाई। घर में पहले दिन से ही रिश्तों के साथ-साथ विवाद भी देखने को मिल रहे हैं।
पहले हफ्ते में लव गिल, अरिशफा खान, उदिती सिंह और कनिका मान नॉमिनेट हुए थे। इनमें उदिती सिंह को सबसे कम वोट मिलने की बात सामने आई थी। हालांकि, एक्स्ट्रा जीवनदान का इस्तेमाल होने के कारण वह एलिमिनेशन से बच गईं। अब दूसरे हफ्ते में तीन सदस्यों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। आसिफ खान, रोहेद खान और तन्मय सिंह इस हफ्ते नॉमिनेट हुए हैं। दरअसल, ये तीनों टास्क के दौरान नॉमिनेशन को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस पर बिग बॉस ने पूरा नॉमिनेशन टास्क रद्द कर दिया और तीनों को सीधे नॉमिनेट कर दिया। इस चर्चा में कैप्टन यंग डीएसए भी शामिल थे, लेकिन कैप्टन होने की वजह से उन्हें नॉमिनेशन से बाहर रखा गया।
आसिफ और उदिती के बीच भी बढ़ा तनाव
‘बिग बॉस 20’ के घर में आसिफ खान और उदिती सिंह के बीच भी जमकर विवाद देखने को मिला। बताया गया कि आसिफ ने मजाक में उदिती को थपकी दी, जिसके बाद उदिती नाराज हो गईं। उन्होंने इसे असभ्य व्यवहार बताते हुए कहा कि उन्हें बिना वजह किसी का छूना पसंद नहीं है और आसिफ ने यह जानबूझकर किया।
इसके बाद आसिफ ने उदिती से माफी भी मांगी। हालांकि, उदिती के इस बयान से आसिफ काफी आहत हुए और दोनों के बीच बहस बढ़ गई। गुस्से में आसिफ ने उदिती के बारे में नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद घर का माहौल और गरमा गया। अब दूसरे हफ्ते में नॉमिनेट हुए इन तीनों सदस्यों में से किसे दर्शकों का साथ मिलता है और किसका ‘बिग बॉस 20’ का सफर खत्म होता है, यह देखने वाली बात होगी। सोशल मीडिया पर भी पहले एलिमिनेशन को लेकर चर्चा तेज है। ‘बिग बॉस 20’ को जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है, जबकि इसका प्रसारण कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे होता है


